UP Election Results 2022 LIVE: भाजपा का गोरखपुर, वाराणसी, गोंडा, लखीमपुर खीरी तथा झांसी में क्लीन स्वीप

लखनऊ, । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रुझान और दिलचस्प होते जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में ईवीएम की मतगणना के बाद राउंडवार भाजपा की बढ़त काफी मजबूत होती जा रही है।
भाजपा का गोरखपुर, वाराणसी, गोंडा, लखीमपुर खीरी तथा झांसी में क्लीन स्वीप : गोरखपुर से चिल्लूपार से भाजपा के राजेश त्रिपाठी, बांसगांव से विमलेश पासवान, खजनी से श्रीराम चौहान, सहजनवा से प्रदीप शुक्ला, गोरखपुर ग्रामीण से विपिन सिंह, गोरखपुर शहर से सीएम योगी आदित्यनाथ, कैम्पियरगंज से फतेह बहादुर सिंह, पिपराइच से महेन्द्र पाल सिंह तथा चौरीचौरा से श्रवण कुमार निषाद जीते। वाराणसी मे भी भाजपा ने सभी सीट पर जीत दर्ज की है। गोंडा की सात तथा हरदोई में भाजपा ने आठों विधानसभा सीट पर विजय पताका फहराई है।
लखीमपुर में भाजपा ने प्रदर्शन दोहराते हुए सभी आठों सीटों पर जीत दर्ज की। झांसी में भाजपा ने सदर, बबीना, गरौठा तथा मऊरानीपुर सीट पर जीत दर्ज की है। मैनपुरी के करहल से अखिलेश यादव की रिकार्ड जीत, पहली बार लड़े विधानसभा चुनाव : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल में रिकार्ड जीत दर्ज की है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़े और केन्द्रीय मंत्री भाजपा प्रत्याशी प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को शिकस्त दी।
करहल विधानसभा सीट पर अखिलेश यादव ने 66782 मत के अंतर से जीत हासिल की है। यह जिले के विधानसभा चुनावों के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2017 के चुनाव में सपा के सोबरन सिंह यादव के नाम 38405 वोटों के अंतर से जीत का रिकार्ड था। सपा मुखिया अखिलेश यादव को चुनाव में 147237 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी एसपी सिंह बघेल को 80455 वोट हासिल हुए। इस विधानसभा सीट पर सभी 34 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है।
अभी प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है।भाजपा छोड़कर सपा में जाने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य तथा धर्म सिंह सैनी चुनाव हारे : विधानसभा चुनाव की तरीख की घोषणा होते ही पाला बदलने वाले योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ धर्म सिंह सैनी को हार झेलनी पड़ी है। प्रदेश में अपने को कद्दावर नेता बताने वाले इन दोनों नेताओं को भाजपा प्रत्याशियों ने शिकस्त दी।
कुशीनगर जिले के फाजिलनगर से भाजपा के प्रत्याशी सुरेन्द्र कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी के स्वामी प्रसाद मौर्य को 36 हजार से अधिक वोट से हराया। भाजपा छोडऩे के बाद भाजपा को सांप और खुद को नेवला बताने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा था कि नाग रूपी आरएसएस और सांप रूपी भाजपा को स्वामी रूपी नेवला यूपी से खत्म करके ही दम लेगा। सहारनपुर के नकुड़ से भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी ने समाजवादी पार्टी के डॉ. धर्म सिंह सैनी को पराजित किया। यहां पर बसपा के साहिल तीसरे स्थान पर रहे।
सहारनपुर में पांच सीट में तीन पर भाजपा तथा दो में सपा गठबंधन के प्रत्याशी जीते हैं। गंगोह से भाजपा प्रत्याशी कीरत चौधरी तथा देवबंद से भाजपा प्रत्याशी कुंवर बृजेश सिंह जीते हैं। बेहट से गठबंधन प्रत्याशी उमर अली खान तथा सहारनपुर देहात से गठबंधन के आशु मलिक जीते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ एक लाख वोट से जीते, केतकी सिंह ने राम गोविंद चौधरी को शिकस्त दी: विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर सीट से बड़ी जीत दर्ज की है।