Rajeev Gandhi : पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती पर यूपीसीसी के कार्यकर्ताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि

लखनऊ, देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 78वीं जयंती पर देश उनको नमन कर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी के जन्म दिन पर लखनऊ में शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय राजीव गांधी 1984 से 1990 तक देश के प्रधानमंत्री थे। वह उत्तर प्रदेश के अमेठी से लगातार दो बार लोकसभा सदस्य रहे। वह पहली बार 1981 तथा दूसरी बार 1986 में सांसद बने थे। नई दिल्ली के वीर भूमि में उनकी समाधि पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनको नमन किया।
लखनऊ में कालीदास मार्ग चौराहे पर लगी स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। इन सभी ने स्वर्गीय राजीव गांधी को भारत में संचार क्रांति का पुरोधा बताया और उनके दिखाए गए रास्ते पर चलने का संकल्प भी लिया। इन सभी ने स्वर्गीय राजीव गांधी को 21वीं सदी के सशक्त भारत का निर्माता बताया। इसके साथ ही कहा कि आपके दिखाए गए स्वर्णिम भारत के सपने और रास्ते हमारे लिए प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक हैं।