Maharajganj

रियल टाइम खतौनी : प्रगति पर है 80 गांवों की खतौनी का मिलान कार्य तेज.

हिन्दमोर्चा न्यूज़ महराजगंज
नौतनवां/रतनपुर।

शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल रियल टाइम खतौनी का कार्य नौतनवां तहसील में प्रगति पर है। इस कार्य को जल्द से जल्द निपटाने हेतु संबंधित लेखपालों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसका बखूबी निर्वहन करते हुए लेखपाल खतौनी का मिलान करने में काफी जोरों-शोरों से लगे हुए हैं। जल्द ही इसके परिणाम भी आने शुरू हो जाएंगे।

तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि भूमि विवादों के ठोस निस्तारण की दिशा में शासन की रियल टाइम खतौनी योजना अत्यंत ही सराहनीय है। इससे एक तो अंश निर्धारण का कार्य सरल एवं सुचारू हो सकेगा तो दूसरे एक ही भूमि की अनेकों बार खरीद-फरोख्त की गैर कानूनी गतिविधियों पर भी प्रभावी रूप से अंकुश लगेगा।

उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र के कुल 266 गांवों में से फिलहाल 80 गांवों को लॉक कर वहां की पुरानी खतौनी से रियल टाइम खतौनी का मिलान कार्य अपनी प्रगति पर चल रहा है। मिलान कार्य पूर्ण होने के बाद लेखपालों की रिपोर्ट के आधार पर इसे अपडेट किया जाएगा। तहसीलदार ने बताया कि रियल टाइम खतौनी में अब 19 कॉलम होंगे।

पहले भूमि क्रेता का नाम 6 वर्षों तक आदेश कॉलम में ही रहता था। समय अवधि पूरी होने के बाद नई खतौनी पर ही क्रेता का नाम मूल खाते में चढ़ पाता था। इस बीच लोगों को तमाम परेशानियां का सामना करना पड़ता था किंतु अब रियल टाइम खतौनी प्रणाली जारी होने के बाद 6 वर्ष का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। तत्काल प्रभाव से क्रेता का नाम मूल खाते में अंकित हो जाएगा।

खतौनी अपडेट होने से अंश निर्धारण में अब सबके अलग-अलग गाटे भी अंकित होंगे। उन्होंने कहा कि रियल टाइम खतौनी कई बड़े भूमि विवादों पर विराम लगाने में बहुत ही सार्थक सिद्ध होगी। इस पहल से लोगों को काफी सहुलियत मिलेगी।

हिन्दमोर्चा टीम महराजगंज.

पूरी खबर देखें

संबंधित खबरें

error: Content is protected !!