गरीबों से परहेज अपात्रों को बांट दिये आवास की जांच में एडीओ पंचायत ने लगाई झूठी रिर्पोट
-
ग्रामीणों के आरोप भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी से निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं
-
मामला अकबरपुर विख. क्षेत्र के सुल्तानपुर तुलसीपुर में गरीबों के आवास आवंटन का
अंबेडकरनगर। गांव की गुट बाजी के चलते गरीबों को आवास नहीं मिल पा रहे हैं। जिम्मेदार है कि गरीब की सुन नहीं रहे हैं। दावों और जमीनी सच्चाई में अंतर देखना हो तो अकबरपुर ब्लॉक क्षेत्र के सुल्तानपुर तुलसीपुर गांव में गरीबों की पीड़ा देखी जा सकती है। यहां झोपड़ी वाले गरीब आवास से वंचित है तो वहीं पक्का मकान व अच्छी खेती वाले को पीएम आवास का लाभ दिया गया हैं। मजेदार बात यह है कि जांच में एडीओ पंचायत प्रभात सिंह ने झूठी रिपोर्ट लगा कर सभी अपात्रों को पात्र बताया है।
सुल्तानपुर तुलसीपुर गांव की किस्मती देवी का परिवार बेहद गरीब है। कमाई का कोई साधन नहीं है। छोटे-छोटे बच्चों के साथ परिवार एक टूटी-फूटी झोपड़ी में ठंडी गर्मी व बारिश में रहने को विवस है। इसी में पशु भी बांधे जाते हैं। बारिश में छप्पर टपकने से परिवार को मुश्किल का सामना करना पड़ता है। भारी बारिश की स्थिति में परिवार को दूसरे के घर में सहारा लेना पड़ता है। यह हर प्रकार से पीएम आवास के लिए पात्र हैं। आवास के लिए प्रधान व सचिव से कई बार फरियाद की लेकिन गांव की गुटबाजी के चलते आवास का लाभ नहीं मिला। गांव की सूरजपती देवी का परिवार भी गरीब है। करीब पांच विश्वा जमीन है। इसके अलावा परिवार चलाने का अन्य कोई साधन नहीं है। एक ईंट की दीवार पर छप्पर रखकर गरीब परिवार जैसे तैसे गुजर बसर कर रहा है। आवास दिलाये जाने के संबंध में प्रधान व सचिव से मांग की। लेकिन अनसुना कर दिया गया। यह दो मामले तो महज बानगी भर है। ऐसे तमाम परिवार आज भी प्रधान व सचिव की लापरवाही व मनमानी के शिकार हैं। उक्त गरीब परिवार ने बताया कि गांव में अनुसूचित जाति का प्रधान है। लेकिन प्रधानी कोई और चलाता है। उन्हीं के इशारे पर हम लोगों को आवास का लाभ नहीं मिल रहा है। जबकि गांव में दो मंजिला पक्का मकान ट्रैक्टर व बाइक रखने वाले सुविधा संपन्न लोगों को भी आवास का लाभ दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी ही खुद अपने ही किए गए भ्रष्टाचार की जांच कर रहे हैं तो ऐसे में उनसे निष्पक्ष रिपोर्ट की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
इन अपात्रों पर उठ रही उंगली
सुल्तानपुर तुलसीपुर गांव के कृष्ण मुरारी के पास चार बीघा खेती के साथ दो मंजिला पक्का मकान व बाइक भी है। इनको आवास का लाभ दिया गया है। आवास का लाभ पाने वालों में कंचन देवी, निर्मल राम, तारावती, उमापति, प्रमिला दूबे, तारा देवी, अर्जुन, गायत्री, के पास पहले से ही पक्का मकान है। वही गीता मौर्य के पास गांव में पक्का घर के साथ ही बरियावन में हाईवे पर भी दो मंजिला मकान है। इन्हें भी आवास का लाभ दिया गया है। एडीओ पंचायत प्रभात सिंह ने इन सभी को पात्र बताते हुए झूठी रिपोर्ट लगा दी है। अपात्रों को आवास दिए जाने की जानकारी नहीं है। कारण सहित शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्यवाही की जाएगी। एवं पात्र गरीबों को आवास का लाभ दिलाया जाएगा। सुनील तिवारी जिला विकास अधिकारी