सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का समापन

जलालपुर, अम्बेडकरनगर। सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन के उद्देश्य के साथ प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तहसील सभागार में चल रही तीन दिवसीय प्रदर्शनी का समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस कार्यक्रम की श्रृंखला में अंतिम दिन सर्वप्रथम अतिथियों का एसडीएम पवन जायसवाल और तहसीलदार पदमेश श्रीवास्तव द्वारा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके उपरांत तहसील सभागार में रेडिएंट एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने संगीतमय प्रस्तुति देकर आगंतुकों और अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला महामंत्री डॉ. शिवपूजन वर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राम किशोर राजभर तथा पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्र ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। भाजपा मंडल अध्यक्षो शुभम पांडेय, सरिता निषाद, रविंद्र भारती, विनय सिंह, प्रवीण गौड़, नगर महामंत्री विकास निषाद तथा नगर उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल ने आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। महिला कांस्टेबल शिल्पी गौतम ने साइबर क्राइम, महिला मिशन शक्ति और वूमेन पावर लाइन 1090 के बारे में जानकारी दी। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जिला पर्यावरण समिति सदस्य केशव श्रीवास्तव सहित अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अवलोकन किया। अंत में, भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन लेखपाल एजाज ने किया। इस अवसर पर सीओ अनूप कुमार सिंह, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी, मंडल महामंत्री विपिन कनौजिया, घनश्याम वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष ज्योतेंद्र कुमार मिश्र, उत्कर्ष पांडेय, मंडल अध्यक्ष (युवा मोर्चा) अभिषेक उपाध्याय, सभासद आशीष सोनी तथा अजीत निषाद आदि उपस्थित रहे।