किशोरी के अपहर्ता के विरुद्ध सम्मनपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा ,जांच शुरू

जलालपुर,अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू की तो प्रेमी और किशोरी एक सप्ताह बाद अचानक थाने में प्रगट हो गए। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी अपने ननिहाल में रह रही थी। यहां आते जाते समय उसका टांडा थाना क्षेत्र के एक युवक से प्रेम हो गया। दोनों फोन पर लंबी बातचीत करने लगे। करीब साल भर चले प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने एक साथ रहने का फैसला किया। और अचानक एक दिन दोनों गुजरात चले गए। दोनों परिवारों को प्रेम प्रसंग की जानकारी पहले से थी। किशोरी के मां-बाप को किशोरी के गायब होने की जानकारी हुई तो उन्होंने अपने स्तर से खोज बीन शुरू की। लेकिन दोनों का कहीं कोई पता नहीं चला। मां की तहरीर पर पुलिस में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। जांच पड़ताल के बाद पुलिस की सख्ती आगे बढ़ी तो प्रेमी प्रेमिका करीब एक सप्ताह बाद अचानक अपने परिजनों के साथ थाने पहुंच गए। यहां घंटों दोनों परिवारों के बीच सुलह समझौते का दौर चला। किशोरी अपने मां की बात को नजरअंदाज कर प्रेमी के साथ ही जाने पर अड़ी रही। ऐसा न करने पर उसने आत्महत्या की धमकी भी दी है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मामले में जांच पड़ताल के बाद विधिक कार्यवाही की जा रही है।