Agra

UP : जेई की नाबालिग किशोरी से दो छात्रों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, हॉकी-डंडों से पीटा; 10 घंटे बाद भी नहीं आया होश

सरधना : उत्तर प्रदेश के रोहटा थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी जेई की नाबालिग किशोरी से दो किशोर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर छात्रा को हॉकी और डंडों से बेरहमी से पीटा। सहपाठी की सूचना पर पहुंचे लोगों को आता देख आरोपित बेहोशी की हालत में किशोरी को छोड़कर भाग गए। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।

उत्तराखंड के एक जिले में ऊर्जा निगम में तैनात जेई पिता ने बताया कि उसकी बेटी गांव के ही एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। शनिवार को 14 वर्षीय बेटी अपनी सहपाठी संग कॉलेज से घर आ रही थी। इसी कॉलेज के कक्षा 12 में पढ़ने वाले दो छात्रों ने शांतिकुंज के पास उनका रास्ता रोक लिया। अश्लील छेड़छाड़ की तो दोनों ने विरोध किया। जान से मारने की धमकी देते हुए एक छात्रा को उन्होंने भगा दिया।

जेई की बेटी को दोनों खींचकर खेत में ले गए और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर छात्रा को हॉकी व डंडों से बुरी तरह पीटा। दूसरी छात्रा ने आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। जैसे ही वहां पहुंचे तो आरोपित बेहोश छात्रा को छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने छात्रा को सीएचसी में भर्ती कराया और परिजनों को जानकारी दी। गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दस घंटे बाद भी पीड़िता छात्रा को नहीं आया होश

पिता ने बताया कि बेटी को इस कदर पीटा गया है कि उसके पूरे शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं। जिला अस्पताल में दस घंटे बाद भी उसे होश नहीं आया है। बताया कि रोज छात्रा को भाई कॉलेज छोड़ने और लेने जाता था। शनिवार को उसे बाहर जाना पड़ा, इसी कारण कॉलेज से लेने नहीं आया। कई दिनों से आरोपित उसकी बेटी का पीछा कर रहे थे। उन्हें इनके इरादे का पता नहीं था।

प्रभारी निरीक्षक थाना रोहटा रविंद्र कुमार सिंह ने कहा- तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। हर पहलू की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।

पूरी खबर देखें

संबंधित खबरें

error: Content is protected !!