जिले में धूमधाम से मनायी गयी बाबा साहेब की जयन्ती, डीजे की धुन पर थिरके समर्थक

अंबेडकरनगर। संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के मनाई गई। समर्थकों ने जहां डीजे की धुन पर डांस करते हुए प्रभातफेरी निकाली वही जुलूस निकाला। इस दौरान सपा, बसपा, भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने बाबा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। 14 अप्रैल को बाबा भीमराव अंबेडकर का जन्मदिन मनाया जाता है। प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव ने बताया कि बाबा भीमराव अंबेडकर गरीबों और पिछड़ों को संविधान की मुख्य धारा में जोड़ा। आज उनकी ही देन है कि भारत में हर जाति के लोग समता मूलक समाज के रूप में स्थापित है। जलालपुर नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, पूर्व नगर अध्यक्ष संजीव मिश्र, अमरनाथ सिंह समेत अन्य ने बाबा के कृत्यों पर प्रकाश डाला।
गांव-गांव मनी जयंती
अंबेडकरनगर जनपद के सभी तहसील क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतों में बाबा आंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। बाबा के महिला पुरुष समर्थकों ने रैली निकाली और उनके द्वारा किए गए कामों को याद किया। महिलाओं ने उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में जहां सोहर गीत गाया वही युवती और युवकों ने डीजे की धुन पर डांस कर खुशी जताई।
बीती रात भर प्रतिमा के समक्ष तैनात रहे पुलिस कर्मी
किसी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस बल सजग रही। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर जनपद के सभी थाना के पुलिसबल अपने अपने क्षेत्र में स्थापित बाबा की प्रतिमा पर रात भर डटे रहे। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्यामदेव, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी विशाल पाण्डेय के साथ सीओ और थानाध्यक्ष गतिशील रहकर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अपर जिलाधिकारी उपजिलाधिकारी तहसीलदार नायब तहसीलदार समेत अन्य राजस्व कर्मी शांति पूर्वक कार्यक्रम सम्पन्न कराने के लिए तत्पर रहे।