LocalPolitics

UP Election 2022: न‍िषाद पार्टी ने अमन मण‍ि की जगह इस युवा नेता पर लगाया दांव, भाजपा ने भी खोले पत्‍ते

गोरखपुर (HM News)। नौतनवा विधानसभा क्षेत्र से निषाद पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने महराजगंज भाजपा के जिला महामंत्री ऋषि त्रिपाठी को अपना उम्मीद बनाया है। गोरखपुर बेतियाहाता के मूल निवासी श्री त्रिपाठी लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं। 39 वर्षीय ऋषि त्रिपाठी ने एलएलबी की है। उन्होंने बतौर अधिवक्ता फरेंदा दीवानी न्यायालय में विधि व्यवसाय के लिए अपना रजिस्ट्रेशन भी कराया है।

अमन मण‍ि के नाम की थी चर्चा

भाजपा- निषाद पार्टी गठबंधन में नौतनवा विधानसभा की सीट निषाद पार्टी के खाते में चली गई थी। तभी से पार्टी से टिकट के लिए कई दावेदार लगे हुए थे। निर्दल विधायक अमन मणि त्रिपाठी समेत कई दिग्गजों के निषाद पार्टी से टिकट मांगने की चर्चा थी, लेकिन अंत में पार्टी ने भाजपा संगठन से जुड़े ऋषि त्रिपाठी पर अपना भरोसा जताते हुए टिकट दिया है।

भाजपा ने सिसवा से प्रेमसागर पटेल व महराजगंज से जयमंगल कन्नौजिया पर जताया भरोसा

भारतीय जनता पार्टी ने सिसवा व महराजगंज सदर विधानसभा क्षेत्र से अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। पार्टी ने पुराने चेहरों पर भरोसा जताते हुए अपने दोनों विधायकों को पुनः उम्मीदवार बनाया है। सिसवा विधानसभा से भाजपा ने विधायक प्रेम सागर पटेल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वर्ष 2017 के चुनाव में भी प्रेम सागर पटेल भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ कर 72 हजार मतों से विजयी हुए थे।

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उम्मीदवार घोषित किया है। 59 वर्षीय श्री पटेल ने एमए तक शिक्षा ग्रहण की है। सिसवा विधानसभा से पार्टी के आठ नेता टिकट के दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने अंततः विधायक प्रेम सागर पटेल पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है। सदर विधानसभा क्षेत्र से भी पार्टी ने पुराने चेहरे पर भरोसा जताते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। 48 वर्षीय जयमंगल कन्नौजिया 2017 के चुनाव में 66 हजार मतों से विजयी हुए थे। इसके पूर्व वह नगर पालिका परिषद महराजगंज के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

रुधौली से विधायक पत्नी को भाजपा ने बनाया प्रत्याशी

रुधौली से भाजपा ने विधायक संजय प्रताप जायसवाल की पत्नी संगीता प्रताप जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है। जिले की पांच में से चार सीटो पर भाजपा पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। संगीता पति के साथ पिछले 22 साल से राजनीति और जनसेवा कर रही हैं। इससे पहले वो पार्टी के टिकट पर रुधौली नगर पंचायत के चेयरमैन का चुनाव लड़ चुकी हैं। संगीता की शैक्षणिक योग्यता स्नातक है। इनके पति संजय प्रताप जैसवाल रुधौली से लगातार दस साल से विधायक है। पहला चुनाव वो कांग्रेस के टिकट पर जबकि दूसरा वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर जीते थे।

पूरी खबर देखें

संबंधित खबरें

error: Content is protected !!